चांडिल (भास्कर मिश्रा) : डाकघर में 10 फरवरी को सुकन्या खाता खोलने के लिए स्पेशल कैंप लगाया जा रहा है। ज्ञात हो कि भारत सरकार द्वारा आरम्भ की गई सुकन्या समृद्धि योजना बालिकाओं के उज्जवल एवं सुरक्षित भविष्य के लिए बहुत महत्वपूर्ण योजना है। आपको बता दें कि नेशनल लेवल की फिलेटली प्रदर्शनी अमृतपेक्स – 2023 का आयोजन प्रगति मैदान नई दिल्ली में 11 फरवरी से 15 फरवरी तक किया जा रहा है, जिसके तहत 10 फरवरी 2023 को अति विशिष्ठ कार्यक्रम में सभी डाकघरों में ज्यादा से ज्यादा सुकन्या समृद्धि योजना के खाते खोले जायेंगे। जिसके तहत चांडिल डाकघर में भी सुकन्या समृद्धि खाता खोलने को लेकर स्पेशल कैंपेन का आयोजन किया गया है। इस संबंध में चांडिल डाकघर के पोस्टमास्टर धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि सुकन्या समद्धि योजना का खाता बालिका के जन्म से 10 वर्ष तक की आयु तक न्यूनतम राशि 250 रुपये से किसी भी डाकघर में खुलवाया जा सकता है। एक परिवार में अधिकतम दो बालिकाओं का खाता खुलवाया जा सकता है। खाता खुलवाने के लिए बालिका का जन्म प्रमाण पत्र, अभिभावक के पत्ते और पहचान का प्रमाण पत्र और अभिभावक की 2 फोटो की आवश्यकता होती है। इस खाते में एक वित्तीय वर्ष में अधिकतम राशि 1.50 लाख तक का निवेश किया जा सकता है जो कि आयकर की धारा 80 (ब) के अन्तर्गत छूट योग्य होती है। वर्तमान में सुकन्या योजना के खाते पर 7.6 प्रतिशत वार्षिक ब्याज की दर से आकर्षक ब्याज प्रदान किया जा रहा है। पोस्ट मास्टर धर्मेन्द्र कुमार ने आम लोगों से 10 फरवरी 2023 को चांडिल डाकघर पहुंच कर बालिकाओं के खाते खुलवाने की अपील की है।

0 Comments